मेरठ, 02 अप्रैल (हि.स.)। मेरठ जनपद में गेहूं खरीद के लिए 40 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। किसानों से 2015 रुपये प्रति कुंतल के दाम पर गेहूं खरीदा जा रहा है। पीएफएमएस के जरिए किसानों को 72 घंटे के अंदर गेहूं का भुगतान किया जाएगा।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मेरठ जनपद में गेहूं खरीद प्रारंभ हो गई है, जिसके लिए 40 क्रय केन्द्र बनाये गये हैं। सरकार ने इस बार गेहूं खरीद का दाम 2015 रुपये प्रति कुंतल तय कर दिया है। इन 40 क्रय केन्द्रों में एफसीआई के 2, खाद्य विभाग के 12, पीसीएफ के 15, यूपीएसएस के 11 क्रय केंद्र हैं। छटाई, सफाई आदि का 20 रुपये प्रति कुंतल किसान द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद का लक्ष्य 46000 मीट्रिक टन है। सभी क्रय केन्द्रों पर गेहूं खरीद तौल इलेक्ट्रॉनिक कांटे से होगी तथा किसानो को पीएफएमएस के माध्यम से 72 घंटे में भुगतान उनके बैंक खाते में पहुंच जायेगा।