एटा: उपजिलाधिकारी ने कब्जा मुक्त कराई 70 बीघा सरकारी जमीन

Share

एटा, 02 अप्रैल (हि.स.)। तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम ततारपुर अब्बल में भूमाफियाओं ने लंबे अर्से से सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा था। जिसके लिए कई बार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद शासनादेश आने पर शनिवार को उपजिलाधिकारी शिव कुमार ने 70 बीघा सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया ।

उप जिलाधिकारी शनिवार को पुलिस फ़ोर्स के साथ तातारपुर अब्बल गांव पहुंचे। टीम को देखकर ग्रामीण एकत्रित हुए, लेकिन पुलिस फोर्स को देखकर कुछ कह नहीं सके। इस दौरान उप जिलाधिकारी ने 70 बीघा सरकारी जमीन को मुक्क्त करवाया। इस जमीन में गेंहू बोए हुए थे, इसलिए कंबाइन मशीन लेकर कब्जा किये गए खेतों में बोई गई गेंहू की फसल को काटकर कब्जा मुक्त करवा लिया गया। इसमे निकलने वाले गेंहू और भूसे का इस्तेलाल सरकारी गौ शालाओं में चारे के रूप में किया जाएगा।

इससे पूर्व एटा जनपद में चले भू माफिया अभियान के तहत लगभग 500 बीघा ग्राम समाज की सरकारी जमीन योगी सरकार ने एटा में दबंगो के चंगुल से कब्जा मुक्त कराई जा चुकी है। भदुआ गांव में 120 बीघा जमीन और गढ़ी रोशन में 233 बीघा सरकारी ग्राम समाज की जमीन कब्जा मुक्त कराई गई है।

इसके अतिरिक्त थाना जैथरा के गढ़ी रोशन गांव में 33 बीघा जमीन पर लगाया गया ईंट भट्ठा और निर्माण को चार बुलडोजर लगाकर ध्वस्त किया गया। आगामी दिनों के लिए भी जिला प्रशासन ने 250 बीघा के एक तालाब को और एक पुराने ईंट-भट्ठे को भी कब्जा मुक्त करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

उप जिला अधिकारी एटा शिव कुमार का कहना है कि एन्टी भूमाफिया की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।