उप्र में चिकित्सा की झूठी उपलब्धि के झूठे विज्ञापनों में किया जा रहा खर्च : अखिलेश यादव

Share

लखनऊ, 05 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने उप्र की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा कि उप्र में चिकित्सा की झूठी उपलब्धि के झूठे विज्ञापनों में जितना खर्च किया जाता है, उसका थोड़ा-सा हिस्सा भी अगर सपा के समय सुधरी चिकित्सा सेवाओं पर लगातार खर्च किया जाता रहा होता तो आज भाजपा के राज में स्ट्रेचर व एम्बुलेन्स के अभाव में लोगों की जान नहीं जाती। लोगों की जो जान जा रही है, उसे बचाई जा सकती थी।

इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे ट्वीट में कहा कि आज महंगाई के दौर में कंपनियां बढ़ती हुई लागत जनता से वसूल रही हैं, पर अपना लाभ कम नहीं कर रही हैं। लोकतंत्र में सरकार की भूमिका राज करने की नहीं बल्कि ऐसी नीतियां बनाने की होती है जो जनहित के लिए नियंत्रण रखे। ताकि कोई जनता का शोषण-उत्पीड़न न कर सके। भाजपा कम्पनी बन गयी है।

इससे पहले अखिलेश ने प्रदेश की कानून एवं व्यवस्था को लेकर योगी सरकार को घेरा था। बुलंदशहर में फाइनेंस बैंक में पड़ी लूट, आगरा के व्यापारी से लाखों की लूट और अन्य जिलों में हत्या, लूट व चोरी की घटनाओं को गिनाया। कहा कि भाजपा राज में न कानून का डर, न पुलिस का खौफ, उत्तर प्रदेश में है सिर्फ जंगलराज।