– मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर दी जानकारी
गोरखपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। चार अप्रैल से ‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत होगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इसकी शुरुआत की जाएगी।
शनिवार को लखनऊ से विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये गोरखपुर के अधिकारियों से बातचीत के दौरान मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने यह जानकारी दी।
मंडल आयुक्त सभागार में विडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी, जिलाधिकारी विजय किरन आनंद समेत शिक्षा विभाग के सभी अला अधिकारी मौजूद रहे। सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने अधिकारियों को ‘स्कूल चलो अभियान’ से लोगों को जोड़ने के लिए घर-घर संपर्क का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों से संपर्क कर अधिक से अधिक नौनिहाल छात्रों को स्कूल भेजने की कोशिश को तेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष से स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को मूलभूत सुविधाओं के साथ बेहतर शिक्षा देने पर जोर रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक व सांसदों से भी इसमें जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि विधायकों और सांसदों से एक-एक विद्यालय गोद लेने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक भी विद्यालय को गोद लें और छात्रों को बेहत्तर शिक्षा देने का कार्य करें। प्राथमिक विद्यालय के छात्रों को बेहतर शिक्षा देने से न सिर्फ उनका भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि देश का भविष्य भी बेहतर बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों के छात्र और छात्राएं देश के कर्णधार हैं। यह अगर बेहत्तर शिक्षा पाएंगें तो देश के भविष्य के लिए बेहत्तर करने की ख्वाहिश रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा से जुड़े हर विद्यालय में पेयजल, टॉयलेट, स्मार्ट क्लास और फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बच्चों की यूनिफॉर्म और जूते-मोजे की व्यवस्था हो। सरकार का प्रयास होगा कि प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय को सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस किया जाए।
इस दौरान उन्होंने स्कूल चलो अभियान से निजी संस्थाओं, स्कूल के पुराने विद्यार्थियों को जोड़ने का आह्वान करते हुए इसके लिए भी अभियान चलाने की वकालत की।