शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने का अभियान निरंतर आगे बढ़े : जिलाधिकारी

Share

–जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान का किया शुभारम्भ

प्रयागराज, 04 अप्रैल (हि.स.)। शत-प्रतिशत बच्चों का स्कूलों में नामांकन कराए जाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ’स्कूल चलो अभियान’ का शुभारम्भ सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती में किया । इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रयागराज के सभी 2852 परिषदीय विद्यालयों में बच्चों व शिक्षकों द्वारा देखा गया।

इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय दांदूपुर विकास खण्ड चाका में स्कूल चलो अभियान का भव्य कार्यक्रम विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधायक बारा वाचस्पति, विधायक कोरांव राजमणि कोल एवं जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

मुख्यमंत्री द्वारा श्रावस्ती में किए गए शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखने के साथ ही अधिक नामांकन वाले विद्यालयों के ग्राम प्रधानों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया । शत-प्रतिशत बच्चों का स्कूल में दाखिला कराए जाने के उद्देश्य से जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया।

बता दें कि स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जहां भी स्कूलों में नामांकन कम हुए हैं वहां पर डोर टू डोर सर्वे कर स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर दिया जाएगा।

इस मौके पर विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद ने कहा कि स्कूल चलो अभियान को हम सब मिलकर सफल बनायें। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहने पाये। शिक्षा ही ऐसा माध्यम है, जिससे देश के भविष्य को संवारा जा सकता है।

विधायक बारा डॉ वाचस्पति ने कहा कि हमें सरकारी विद्यालयों को कॉन्वेंट स्कूलों से भी बढ़िया बनाना है, इसके लिए शिक्षकों को पूरे मनोयोग के साथ कार्य करना होगा। सबको मिलकर इस अभियान को सफल बनाना है।

इस अवसर पर विधायक कोरांव राजमणि कोल ने कहा कि बच्चों के जीवन को बनाने, संवारने में सबसे बड़ा योगदान गुरू का ही होता है। प्रदेश सरकार बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए सभी प्रयास कर रही है। स्कूलों को सभी प्रकार की सुविधाओं से आच्छादित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि वे अपने-अपने बच्चों को ’स्कूल चलो अभियान’ से जोड़ें तथा इस अभियान में शत-प्रतिशत बच्चों का नामांकन कराएं। बिना शिक्षा के न तो गांव विकसित होगा और न ही शहर और देश का विकास होगा।

उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों द्वारा की गयी प्रस्तुती की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को देखकर बच्चों के अभिभावकों एवं उनके शिक्षक अभिनन्दन के पात्र है। उन्होंने कहा कि शिक्षा बेहतर करने का अभियान निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। कहा कि हमें बच्चों के टैलेंट को पहचानते हुए उसके अनुसार ही बच्चों की प्रतिभा को निखारना होगा। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में बच्चों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का भ्रमण कर अवलोकन किया व प्रशंसा करते हुए बच्चों की प्रतिभा को सराहा।