लखनऊ, 03 अप्रैल (हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) 2024 लोकसभा चुनाव एवं दिसम्बर में होने वाले नगर निगम चुनाव के मद्देनजर फिर से पूरे प्रदेश में सदस्यता अभियान चलायेगी। यह जानकारी आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि पार्टी हर जिले, कस्बों, गांवों, विधानसभा में बैठकें करेगी और संगठन को नई धार देने का काम करेगी।
निरालानगर स्थित जेसी गेस्ट हाउस में बैठक को सम्बोधित करते हुए पवन गुप्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव में आरपीआई के कार्यकर्ताओं ने भाजपा का प्रचार किया। भाजपा से सहमति के आधार पर आरपीआई ने चुनाव में अपना एक भी प्रत्याशी नहीं उतारा और भाजपा को समर्थन दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दलित, वंचित समाज का भरपूर समर्थन भाजपा को मिला और प्रदेश में भाजपा की सरकार फिर सत्ता में वापसी कर सकी।
इस अवसर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरपीआई के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता का धूमधाम के साथ जन्मदिन मनाया। प्रदेश अध्यक्ष के जन्म दिन के अवसर पर पार्टी की महिला मोर्चा की प्रदेश संयोजक रुचि शुक्ला और लखनऊ महानगर अध्यक्ष युवा वीसी हितेंद्रन ने स्कूली बच्चों को लंच पैकेट बांटें।