एमपी में देश के लिए आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला कव्वाल कानपुर से गिरफ्तार

Share

कानपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। देश को लेकर एक कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कानपुर के कव्वाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कमिश्नरेट की बेकनगंज पुलिस और मध्यप्रदेश की रीवा पुलिस ने उसे सोमवार को गिरफ्तार किया और फिर एमपी पुलिस उसे रीवा अपने साथ ले गई।

बता दें कि कव्वाल शरीफ कानपुर में बेकनगंज थानाक्षेत्र के हीरामन पुरवा का रहना वाला है। वह अपने परिवार के साथ रहता था। अभी हाल ही में मध्यप्रदेश के रीवा में आयोजित उर्स में उसने देश को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। जिसमें उसने कहा था कि अगर गरीब नवाज चाह लें तो हिंदुस्तान का पता नहीं चलेगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय विधायक पंचू लाल प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप मौजूद थे।

मामले का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल होना शुरू हो गया तो मनगवां थाना पुलिस ने बुधवार को कव्वाल शरीफ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। उर्स के बाद शरीफ कव्वाल कानपुर वापस लौट आया था, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह गायब हो गया था। रीवा पुलिस 31 मार्च से कानपुर में उसकी तलाश में डेरा डाले हुई थी। एसीपी अनवरगंज अकमल खां ने बताया कि सूचना मिली कि शरीफ कव्वाल अपने ही घर में है। ऐसे में पुलिस ने उसके घर छापा मारा और गिरफ्तार कर रीवा पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

कव्वाल की गिरफ्तारी रखी गोपनीय

शरीफ कव्वाल की गिरफ्तारी में पुलिस ने बेहद सावधानी रखी। कहीं कोई वर्ग हंगामा न खड़ा कर दे और गिरफ्तारी को लेकर विरोध न हो, इसलिए पुलिस ने सोमवार की अलसुबह गिरफ्तारी की और पकड़े जाने के बाद उसे रीवा पुलिस लेकर रवाना हो गई। कानपुर में उसे रोके जाने से शांति व्यवस्था भंग होने का खतरा था।