मथुरा, 02 अप्रैल (हि.स.)। मथुरा जिले में फरह पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शनिवार को बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान एक लुटेरे के पैर में गोली लगी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि बदमाशों ने बीती रात थाना फरह क्षेत्र में टैम्पो चालक के साथ मारपीट कर टैम्पो लूटा था। उसका खुलासा करते हुए शनिवार दोपहर फरह पुलिस एवं एसओजी-सर्विलांस टीम को सूचना मिलने के बाद दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से लुटेरों को गिरफ्तार करने के लिए घेराबंदी की। इस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। टीम ने जवाबी कार्रवाई की तो एक लुटेरे के पैर में गोली लग गई और दो बदमाश रणवीर और गुड्डू को दबोच लिया गया। एसओजी और सर्विलांस टीम ने लूटा गया ऑटो बरामद कर लिया है तथा उनके कब्जे से अवैध असलहा भी बरामद हुए हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।