मथुरा, 06 अप्रैल (हि.स.)। मथुरा जिला कारागार में पास्को और जानलेवा हमले के आरोपित निरुद्ध बंदी ने बुधवार खाने के लिए मिलने वाली चम्मच को हथियार बनाकर खुद पर हमला कर लिया। उसने हाथ और गले की नस काट ली। जेल के बाथरूम में वह घायल हालत में पड़ा मिला। जेल प्रशासन ने उसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
बुधवार को जेल के सफाई कर्मचारी बाथरूम की सफाई करने पहुंचे, तो उन्होंने बाथरूम में जितेन्द्र उर्फ जीतू पुत्र प्रभाती निवासी इन्द्रपुरी अमर कॉलोनी थाना हाईवे को लहुलुहान हालत में देखा। जेल के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहंच गए। आनन-फानन में घायल जीतू को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। जेल में खाने के लिए मिलने वाली चम्मच को घिसकर बनाई गई कट्टन (चम्मच) घायल जीतू के पास पड़ी मिली।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि जीतू ने चम्मच से बनाई कट्टन से अपने हाथ और गले पर वार कर खुद को घायल किया है। उसे इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।