मुरादाबाद, 04 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि मुरादाबाद में महिलाओं की सुरक्षा का बेहतर माहौल देने के लिए 55 पिंक बूथों पर 110 महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। एसएसपी के निर्देश पर पिंक बूथ बनाने के लिए स्थान चिन्हीकरण का काम शुरू हो गया है। फिलहाल 55 पिंक बूथ बनाने का निर्णय लिया गया है। इनकी सफलता के बाद आवश्यकता के अनुसार बाद में इसकी संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत महिलाओं की सुरक्षा के लिए देश के कई शहरों में पिंक बूथ बनाने का निर्णय लिया गया था। मुरादाबाद जिले में भी अब पिंक बूथ के लिए कवायद शुरू हो गई है। एसएसपी ने बताया कि जिले में कुल 55 पिंक बूथ बनाया जाएगा। इसके लिए शहर के प्रत्येक थानों को कम से कम तीन स्थान चिह्नित करने को कहा गया है। इसके अलावा कस्बाई इलाकों में भी पिंक बूथ बनाए जाएंगे। हालांकि शहरी क्षेत्र में इनकी संख्या अधिक होगी। पिंक बूथों का निर्माण भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर किया जाएगा, जहां महिलाओं का अधिक आवागमन होता है। प्रत्येक पिंक बूथ पर 2-2 महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगी। इन बूथों पर महिलाएं किसी भी तरह की समस्याओं की शिकायत कर सकेंगी। महिला पुलिसकर्मी त्वरित कार्रवाई कर उन्हें सुरक्षित माहौल देंगी। इसकी निगरानी एसएसपी खुद करेंगे।