जोशीमठ-बदरीनाथ सड़क को दुरुस्त करने में जुटा बीआरओ

Share

-श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी 8 मई को खुलने हैं

जोशीमठ, 07 अप्रैल (हि.स.)। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी 8 मई को खुलने हैं। इससे पूर्व बीआरओ ने भी जोशीमठ से मारवाड़ी तक की सड़क को दुरुस्त करने और डामरीकरण करने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।

बीआरओ का प्रयास है कि 8 मई से पूर्व हर हाल में सड़क को बेहतर आवागमन के लिए तैयार कर लिया जाए। इसके लिए इन दिनों मारवाड़ी-जोशीमठ से देवदर्शनी- श्री बदरीनाथ धाम तक सड़क चौड़ीकरण के साथ ही डामरीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। बीआरओ ने इससे पूर्व हनुमान चट्टी से बदरीनाथ-माणा तक सड़क से बर्फ व ग्लेशियर हटाने का कार्य किया।

बीआरओ की 21 टास्क फोर्स के कमांडर कर्नल मनीष कपिल के अनुसार बदरीनाथ मार्ग पर डामरीकरण और अन्य कार्य किए जा रहे हैं। आगामी 8 मई से पूर्व जोशीमठ-बदरीनाथ सड़क को दुरुस्त कर लिया जाएगा। श्रद्धालुओं को सड़क को लेकर कोई दिक्कत ना हो इसके लिए बीआरओ दिन रात काम में जुटा है।

कर्नल कपिल ने बताया कि जोशीमठ-बदरीनाथ के साथ ही जोशीमठ-मलारी रोड का कार्य भी जोरों से चल रहा है। ऋषि गंगा त्रासदी के बाद रैणी और अन्य स्थानों पर क्षतिग्रस्त सड़क को भी दुरुस्त किया जा रहा है।