लखनऊ,04 अप्रैल (हि.स.)। बलिया जिले में बीमार पत्नी को ठेले पर ले जाने के मामले में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जांच के आदेश दिये हैं। बलिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक व्यक्ति अपनी बीमार पत्नी को ठेले पर अस्पताल ले जा रहा था। सोशल मीडिया पर यह वीडियो आने के बाद उप मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य को पत्र लिखकर घटना की जांच के आदेश दिये है।
बलिया के चिलकहर के शुकुल प्रजापति अपनी बीमार पत्नी को ठेले पर स्वास्थ्य केन्द्र चिलकहर ले गये थे। उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य महानिदेशक का पत्र लिखकर पूछा कि एम्बुलेंस की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। बृजेश पाठक ने इस मामले की जांच करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
बलिया के चिलकहर के शुकुल प्रजापति की पत्नी जोनिया देवी बीमार चल रही थी। अचानक तबियत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाने के लिए कोई साधन नहीं मिला तो शुकल प्रजापति ने घर के रिक्शे पर पत्नी को लादकर चिलकहर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। वहां पर इलाज की व्यवस्था नहीं थी। इसके बाद निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गये लेकिन जोनिया देवी की जान नहीं बची।