हाकी प्रतियोगिता : तमिलनाडु को हराकर यूपी ग्रेस पहुंचा सेमी फाइनल में

Share

-आल इंडिया केडी सिंह बाबू मेमोरियल प्राइज मनी हाकी प्रतियोगिता में हुए चार क्वार्टर फाइनल मैच

लखनऊ, 02 अप्रैल (हि.स.)। आल इंडिया केडी सिंह बाबू मेमोरियल (अंडर-14) प्राइज मनी हाकी प्रतियोगिता में तीन चार क्वार्टर फाइनल मैच खेले गये। इसमें नावेल टाटा उड़ीसा ने एचएआर हाकी एकेडमी हरियाणा को तीन-दो से, हाकी हरियाणा ने गुरु हाकी एकेडमी हरियाणा को पांच-शून्य से, फ्लीकर्स ब्रदर्स हरियाणा ने रायल हाकी पंजाब को आठ-शून्य से, यूपी ग्रेस ने तमिलनाडु हाकी एकेडमी को 10- शून्य से हराकर सेमी फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पहला मैच हरियाणा हाकी एकेडमी हरियाणा और नावेल टाटा एकेडमी उड़ीसा के बीच खेला गया। यह मैच काफी टक्कर का रहा और दूसरे मिनट में ही हरियाणा की टीम ने एक गोल दागकर बढ़त बना ली। इसके बाद 34वें मिनट में पुन: हरियाणा ने एक गोल दाग दिया लेकिन नावेल टाटा ने 39वें मिनट में पहला गोल दागने के बाद फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिर 43वें व 53वें मिनट में गोल दाग कर तीन-दो से मैच को जीत लिया।

दूसरा मैच गुरु हाकी एकेडमी हरियाणा और हाकी हरियाणा के बीच हुआ, जिसमें हाकी हरियाणा ने शानदार प्रदर्शन किया। 10वें मिनट में पहला गोल दाग दिया। इसके बाद 20वें, 26वें, 37वें, 49वें मिनट में गोल दागकर मैच को पांच-शून्य से जीत लिया। लायल हाकी एकेडमी पंजाब और फ्लीकर ब्रदर्स हरियाणा के बीच अपराह्न तीन बजे मैच शुरू हुआ। इसमें फ्लीकर ब्रदर्स ने आज भी अपने विजय अभियान को जारी रखा और रायल को आठ-शून्य से हरा दिया।

वहीं उत्तर प्रदेश ग्रेस व तमिलनाडु के बीच शाम चार बजे शुरू हुए मैच में उत्तर प्रदेश की टीम ने कमाल कर दिया। यूपी की टीम ने 13वें मिनट में पहला गोल दागा। इसके बाद लगातार गोल दागने का सिलसिला जारी रहा। 60वें मिनट में भी एक गोल दाग मैच को 10-शून्य से जीत कर सेमी फाइनल में प्रवेश कर लिया।