हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। कानपुर में एक युवती के साथ यौन शोषण मामले में हरिद्वार के बड़े संत प्रखर महाराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। अब इस मामले में प्रखर महाराज की शिष्या चिदानंदमयी सामने आई हैं। चिदानंदमयी ने अपने गुरु का बचाव करते हुए अपने ही माता-पिता पर साजिश करने का आरोप लगाया है।
चिदानंदमयी ही वो युवती हैं, जिसके माता-पिता ने प्रखर महाराज पर यौन शोषण के आरोप लगाये हैं। स्वामी प्रखर महाराज पर जबरन बंधक बनाए जाने और यौन शोषण के आरोपों का उनकी शिष्या चिदानंदमयी ने खंडन किया है। उन्होंने अपने ही परिजनों से जान का खतरा बताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने बताया उनके संन्यास लेने से पूर्व ही परिजन लगातार उन पर दबाव बनाते आ रहे हैं कि वो संन्यास छोड़ फिर से गृहस्थ जीवन में चली आएं, लेकिन वो संन्यास के अपने दृढ़ संकल्प पर कायम हैं।
चिदानंदमयी ने अपने परिजनों पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने पुलिस और अन्य जगह दिए गए शिकायती पत्र भी दिखाये हैं। उन्होंने अपने परिजनों पर अपने गुरु स्वामी प्रखर महाराज के आश्रम की संपत्ति को हड़पने की साजिश के साथ कई गंभीर आरोप लगाए। चिदानंदमयी ने परिजनों से खुद की जान को खतरा भी बताया है। उन्होंने कहा कि वो अपनी सुरक्षा और परिजनों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हाईकोर्ट जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि यौन शोषण का ये मुकदमा यूपी राज्य महिला की सदस्य पूनम कपूर के आदेश पर कानपुर के किदवई नगर थाने में दर्ज किया गया है। इस मामले में चिदानंदमयी के माता-पिता ने थाने में तहरीर दी थी।