हरिद्वार, 5 अप्रैल (हि.स.)। डीजल, पेट्रोल के दामों में रोजाना हो रही बढ़ोतरी व आसमान छू रही महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चंद्राचार्य चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में चार राज्यों में जीत दर्ज करने के बाद केंद्र सरकार तानाशाही पर उतर आयी है। विधानसभा चुनाव से पूर्व मतदाताओं को लुभाने के लिए केंद्र सरकार पेट्रोल पर पांच रुपये घटाने के बाद चुनाव के तुरंत बाद से रोजाना पेट्रोल व डीजल के रेट बढ़ा रही है। पेट्रोल, डीजल के रेट में अब तक लगभग 10 रुपये की बढ़ोतरी की जा चुकी है। रसोई गैस के दाम भी पचास रुपये बढ़ा दिए गए हैं। पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी केंद्र सरकार गरीबों को राहत देने के बजाय उन्हें और गरीब बनाने की मंशा से कार्य कर रही है। कांग्रेस तानाशाह सरकार के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नितिन तेश्वर ने कहा कि 2014 से पूर्व जो महंगाई भाजपा नेताओं के लिए डायन हुआ करती थी, वह अब उनके लिए महबूबा हो गयी है। केंद्र सरकार द्वारा गृहणियों की रसोई को लगातार चोट पहुंचाई जा रही है। पेट्रोल, डीजल सहित रसोई गैस के दामों में भारी बढ़ोतरी सहित तमाम जरूरी चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। पूंजीपतियों के हित साधने में लगी केंद्र सरकार को गरीब व मध्यम वर्ग की जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नही है। यूथ कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए संकल्पबद्ध है, गूंगी-बहरी सरकार को जगाकर भगाने का काम करेगी।