हरिद्वार, 18 अप्रैल (हि.स.)। नगर आयुक्त ने निगम में चोरी की घटना के बाद रात्रि चौकीदार को सस्पेंड कर दिया है। नगर आयुक्त ने पीआरडी के दो जवानों की भी तैनाती रात्रि चौकीदारी के लिए निगम में करने की बात कही।
नगर निगम में शनिवार देर रात चोरों ने पांच ऑफिसों का ताला तोड़ा था, जिसमें नगर आयुक्त का ऑफिस भी था। चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर अलमारियों को भी खंगाला था। चोरों ने नगर आयुक्त कार्यालय में लगी एलईडी पर भी हाथ साफ कर दिया। नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती का कहना है कि किसी भी अनुभाग की कोई फाइल गायब नहीं मिली, लेकिन इन सबके बीच नगर आयुक्त ने उस रात को तैनात चौकीदार को सस्पेंड करने के आदेश सोमवार को जारी कर दिए हैं। साथ ही सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर शर्मा को जांच अधिकारी भी बनाया है।
नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती ने बताया कि रात के लिए नगर निगम के चौकीदार के अतिरिक्त दो पीआरडी के जवानों की तैनाती भी परिसर में की जाएगी।