रिवर्स पलायन का आधार बनेगा पशुपालन, दुग्ध विकास व मत्स्य पालन

Share

-45 दिन में करेंगे गन्ना किसानों के 360 करोड़ की बकाया राशि का भुगतान

नैनीताल, 5 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के काबीना मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार उत्तराखंड को 2030 तक देश का प्रथम राज्य बनाने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। सरकार राज्य में ‘रिवर्स पलायन’ की स्थिति लाने को प्रतिबद्ध है। युवा व महिलाएं आगे आएं तो पशुपालन, दुग्ध विकास व मत्स्य पालन इस लक्ष्य की प्राप्ति में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। मुख्यमंत्री की सीमांत क्षेत्रों में पूर्व सैनिकों व युवाओं को बसाकर मजबूत सुरक्षा दीवार बनाने की योजना में भी यह कार्य बड़ा सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने राज्य में गन्ना किसानों का 360 करोड़ के बकाया भुगतान को 45 दिन के भीतर कराने के आदेश अधिकारियों को दिए हैं।

मंगलवार को नैनीताल क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए गन्ना, चीनी उद्योग, पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, कौशल विकास व सेवायोजन मंत्री ने कहा कि राज्य में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए जल्द रोडमैप तैयार कर लिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से पशुपालन व मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी रोजगार के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड उत्तर प्रदेश से पांच रुपये अधिक गन्ना मूल्य दे रहा है। उन्होंने राज्य के आईटीआई में युवाओं का कौशल विकास का केंद्र बनाने की बात भी कही।