गोपेश्वर, 04 अप्रैल (हि.स.)। चरण पादुका गौथल समिति ने श्री रामचन्द्र भट्ट सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के छात्रों के साथ मिलकर सोमवार को गोपेश्वर नगर को स्वच्छ बनाये रखने के लिए जागरुकता अभियान चलाकर नगर क्षेत्र के आसपास बिखरे कूड़े को एकत्र कर उसका निस्तारण किया।
समिति की सचिव मीना तिवारी ने बताया कि गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। साथ ही चारधाम यात्रा को सुचारु होने में कुछ ही दिन शेष रह गये हैं। ऐसे में नगर क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के लिए आम लोगों से सहयोग बनाया जाएगा। गर्मी के मौसम में होने वाली तमाम बीमारियों से बचाओ के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए स्कूली बच्चों के साथ मिलकर यह स्वच्छता कार्यक्रम चलाया जा रहा है ताकि सभी लोग अपना सहयोग देकर नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए आगे आएं। उन्होंने नगर के लोगों से यह भी अपील की कि घरों से निकलने वाले कूड़े को नगर पालिका की ओर से लगाये गये कूड़ेदान अथवा वाहन में डालें ताकि कूड़ा इधर-उधर न बिखरे।
इस मौके पर नगर क्षेत्र में बिखरे कूडे़ को एकत्र का उसे नष्ट किया गया। इस मौके पर विद्या मंदिर की छात्रा हिमानी बिष्ट, साक्षी गौड़, शिक्षा बत्र्वाल आदि मौजूद थे।