-100 गैस लाइनों का कार्य पूर्ण
नैनीताल, 5 अप्रैल (हि.स.)। नैनीताल जनपद में 162 गैस पाइप लाइनें बिछाई जा रही हैं। इनमें से 100 गैस पाइप लाइनों में कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष जगहों पर कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के शहरी गैस वितरण परियोजना के उपमहाप्रबंधक जीएचवी राव एवं संबंधित अधिकारियों के साथ नैनीताल, भीमताल एवं भवाली शहर में प्राकृतिक गैस की पाइप लाइन बिछाने के संबंध में बैठक लेते हुए यह जानकारी दी।
बैठक में अधिकारियों की ओर से बताया गया कि नैनीताल भीमताल एव भवाली शहर में गैस स्टेशन हेतु 350-350 वर्ग मीटर भूमि की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित गैस स्टेशन हेतु नैनीताल शहर में लकड़ी टाल, भवाली में रामगढ़ तिराहा एवं भीमताल शहर में औद्योगिक क्षेत्र में भूमि देने की सहमति देते हुए अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी को तत्काल भूमि उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एचपीसीएल के उपमहाप्रबंधक राव ने बताया कि गैस पाइप लाइन बिछाने से जहां शहरों में सुविधाजनक व सस्ती गैस उपलब्ध होगी, वहीं आग लगने की घटनाएं भी नहीं होंगी। बैठक के दौरान लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने गर्ब्याल को बताया कि एचपीसीएल द्वारा पाइप लाइन बिछाने के उपरांत नगर के मार्गों में पैचवर्क का कार्य मानकों के अनुसार नहीं किया गया है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एचपीसीएल के उप महाप्रबंधक को सख्त चेतावनी दी कि यदि कार्यों में मानकों के आधार पर कमी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, अधिशासी अभियंता सिंचाई केएस बिष्ट व एके जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।