प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, प्रयागराज का वार्षिक चार दिवसीय तकनीकी उत्सव अपरोक्ष सात अप्रैल से झलवा परिसर में शुरू होगा। दो वर्षो के अन्तराल बाद परिसर में पहली बार ऑफलाइन मोड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसकी शुरुआत गुरुवार को शाम 5 बजे उद्घाटन समारोह के साथ होगी।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि पहले दिन मैड, हम्बल फुल कप फाइनल्स और कोड क्वीन फाइनल्स जैसी प्रतियोगिता आयोजित किए जाएंगे। जबकि दूसरे दिन वेबकृति, इलेक्ट्रोहोम्स प्रीलिम्स, मिस्टर गोगलर प्रीलिम्स, सर्किट शेफ प्रीलिम्स, ब्लॉकटॉपिया, प्रो शो, हर्बर्ट्स लूप और नोवा जैसे इवेंट आयोजित किए जाएंगे। टॉपबॉट, मिनिमल मेनिया, मिस्टर गोगलर फाइनल्स, अर्बन कंपनी की वर्कशॉप, एक्स माकिना, सर्किट शेफ फाइनल्स, टेडएक्स और फ्रैग फेस्ट सहित कार्यक्रम 9 अप्रैल को आयोजित किए जाएंगे। जबकि उत्सव के अंतिम दिन रविवार को प्रो अरुडिनो, ग्रे हाउंड फाइनल्स, कोड रेड, गिट हीरो और प्रो शो आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि संस्थान में बुधवार को बी टेक, 2021 बैच के लिए एक सप्ताह का ओरिएंटेशन कैंप परिसर में शुरू हुआ। प्रो. ज्योति राणा, डीन, श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी हरियाणा ने “नेतृत्व” विषय पर, कृष्ण चंद्र बड़ापांडा, भुवनेश्वर ने “भारत की प्राचीन वैज्ञानिक विरासत“ और प्रो.नेहारिका वोहरा, कुलपति, दिल्ली स्किल एंड एंटरप्रेन्योरशिप यूनिवर्सिटी नई दिल्ली ने “एनर्जाइज़िंग” विषय पर बात की।
डॉ पंकज मिश्र के मुताबिक इससे पहले उद्घाटन समारोह सुबह ऑनलाइन मोड में हुआ। उद्घाटन भाषण बलजोत सिंह और आयुषी अहलावत, प्रो शेखर वर्मा, प्रो यू.एस. तिवारी, प्रो. एम. अग्रवाल और प्रो. रंजीत सिंह ने छात्रों को सम्बोधित किया। संस्थान के निदेशक प्रो. आर.एस वर्मा ने इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों के बीच मूल्यों को विकसित करने की आवश्यकता व्यक्त की। प्रो. नीतेश पुरोहित, डीन, अकादमिक और अनुसंधान ने संस्थान में अभिविन्यास शिविर की शुरूआत पर प्रकाश डालते हुए इसे नई शिक्षा नीति के कार्यान्वयन का हिस्सा बताया।