देहरादून, 07 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार में कुट्टू के आटा से बने पकवान खाकर बीमार हुए लोगों से सबक सीखते हुए गुरुवार को खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता निरीक्षण के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मसूरी जाने वाले दूध एवं दुग्ध पदार्थों की सैंपलिंग की।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी देहरादून पीसी जोशी ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट देहरादून के निर्देश पर गुरुवार प्रात: चार बजे एफडीए की टीम मसूरी जाने वाले दुग्ध वाहनों की क्वालिटी चेकिंग हेतु मसूरी डायवर्जन पर स्थित बैरियर में पहुंची और वाहनों को रोककर दूध,पनीर के 5 संदिग्ध सैंपल क्वालिटी जांच के लिए गये। जिसे गवर्नमेंट लैब में जांच के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
टीम में जिला खाघ सुरक्षा अधिकारी पीसी जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, संजय तिवारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजू रावत आदि उपस्थित थे।