संयुक्त राष्ट्र संघ के साउथ को-ऑपरेशन की स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य पहुंचे फिरोजाबाद

Share

कांच की ऑटोमैटिक और माउथ ब्लोइंग फैक्ट्री व चूडी बनते हुये देखी

फिरोजाबाद, 82 अप्रैल (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र संघ के साउथ को-ऑपरेशन की स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य जोनाथन कमिंग्स अपनी भारत यात्रा के दौरान शनिवार को फिरोजाबाद पहुंचे। जहां उन्होंने ग्लोबल पॉलिसी इनसाइट्स के सीईओ अर्पित चतुर्वेदी से मुलाकात की।

श्री कमिंग्स ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ की साउथ को-ऑपरेशन की संस्था दक्षिणी गोलार्ध के लगभग 93 विकासशील देशों के आपसी सहयोग के लिए कार्य करती है। जिसमें दक्षिण एशिया, दक्षिण अमेरिका, अफ्रीका आदि के देश आते हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ की यह संस्था इन देशों की जरूरतों एवं सम्भावनाओं के अनुसार उनका आपसी सहयोग और विकास हो इस दिशा में काम करती है। इसमें यह संस्था एनजीओ संस्थाओं और सिविल सोसाइटी संस्थाओं की मदद करती है और उनके माध्यम से भी इन देशों की मदद की जाती है।

जोनाथन कमिंग्स ने फिरोजाबाद में कांच की ऑटोमैटिक और माउथ ब्लोइंग फैक्ट्री देखीं और चूड़ी भी बनते हुए देखी, जिससे वो चमत्कृत हैं। उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद में स्किल डेवलपमेंट के साथ फिरोजाबाद में आलू की खेती के क्षेत्र में दक्षिण अमरीकी देशों से सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।

अर्पित चतुर्वेदी ने बताया कि श्री कमिंग्स फिरोजाबाद आकर यहां की समस्याओं और सम्भावनाओं से परिचित हो रहे हैं। इसका दूरगामी लाभ यह होगा कि अपनी संस्था के फोरम पर जब विकासशील देशों की बात होगी तो फिरोजाबाद की समस्याओं और संभावनाओं पर भी विचार होगा जिससे फिरोजाबाद को लाभ की सम्भावनाएं हो सकती हैं।

उन्होंने बताया कि पहले भी संयुक्त राष्ट्र संघ में आईवाईएलए के अधिवेशन के दौरान फिरोजाबाद की आलू की खेती से सम्बंधित समस्यायों की ओर लोगों का ध्यान आकृष्ट किया है। अब श्री कमिंग्स जैसे लोगों के फिरोजाबाद आगमन से निश्चित ही विश्व फोरम के सदस्यों का ध्यान यहां की विकास की आवश्यकताओं की ओर जाएगा।