कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Share

हरिद्वार, 5 अप्रैल (हि.स.)। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य उत्तराखंड जनपद हरिद्वार के कर्मचारियों की मांगों के निस्तारण के लिए प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेडा के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. कुमार खगेंद्र को ज्ञापन सौंपा और कर्मचारियों की मांगों के निस्तारण के लिए अनुरोध किया। साथ ही 22 कर्मचारियों को एसीपी का लाभ दिए जाने पर आभार व्यक्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेडा जिला मंत्री राकेश भंवर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन के माध्यम सेे अनुरोध किया कि कर्मचारियों के आवासों में 5 वर्षों से रंगाई, पुताई, मरम्मत इत्यादि नहीं हुई है, अधिकारी और कर्मचारियों के 70 आवासों में कई वर्ष पुरानी सीवर लाइन जर्जर एवं छोटी होने के कारण सीवर चोक होने से पूरे परिसर में बह रहा है, जिससे आवासीय परिसर के कर्मचारियों के परिवार को संक्रमित होने का खतरा बना हुआ है।

चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति के बिल कई वर्षों से लंबित है और प्री-ओडिट हो चुके हैं, यात्रा भत्ता बिल निकाला नहीं जाता है। सीएमओ कार्यालय में चौकीदार की कमी होने से कर्मचारियों को 12 घंटे की ड्यूटी और अवकाश भी नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों की ग्रीष्म और शीतकालीन वर्दी का शासनादेश वेतन में लगने का होने के बाद भी आज तक वर्दी का भुगतान नहीं किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के योग्य आश्रितों को विभागीय नियुक्ति में योग्यता अनुसार वरीयता देने, खानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों का एक दिन के रुके हुए वेतन निकालने का अनुरोध किया गया। डॉ. कुमार खगेंद्र ने मांगों का आकलन कर कहा कि सभी समस्याओं के निराकरण के लिए महानिदेशक और जिलाधिकारी को पत्र बनाकर दिया जाएगा।

ज्ञापन देने वालों में धर्म सिंह, अर्जुन सिंह, कामेंद्र, कमल, संजय, पप्पू सैनी, पंकज, राकेश भँवर, दिनेश लखेडा उपस्थित थे।