बड़वानी, 02 अप्रैल (हि.स.)। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने शनिवार को जिला चिकित्सालय पहुंचकर वहां पर पीआईयू द्वारा बनवाए जा रहे 40 बिस्तरीय वार्ड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर उपस्थित पीआईयू की कार्यपालन यंत्री आरती यादव से भी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि गुणवत्ता हर-हाल में सुनिश्चित होना चाहिए। इसलिए निर्माण कार्य में लगने वाली सामग्री के गुणवत्ता की जांच एवं प्राप्त रिपोर्ट का संधारण अच्छी तरह से किया जाए। किसी भी स्थिति में ऐसी सामग्री का उपयोग, ठेकेदार को ना करने दिया जाए जो मानक अनुरूप ना हो।
कलेक्टर ने मौके पर ही निर्माण कार्य का ब्लू प्रिंट का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश संबंधित निर्माण एजेंसी के पदाधिकारियों को दिए। साथ ही निर्देशित किया कि गुणवत्ता के साथ-साथ कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो जाए यह भी अधिकारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करेंगे।