भोपाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी उद्यान में निजी न्यूज चैनल और फ्लाय फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं के साथ पौध-रोपण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण से धरती हरी-भरी और हमारा जीवन समृद्ध होता है। आइये, हम सब मिलकर पौधे रोपने के इस पुनीत कार्य में हाथ बढ़ायें।
मुख्यमंत्री चौहान ने निजी न्यूज के एडिटर इन चीफ राकेश अग्निहोत्री, गीत दीक्षित, दीपेश जैन, अंकुश बाजपेयी, कृष्णा कुमार और अन्नया के साथ हरसिंगार का पौधा लगाया।
मुख्यमंत्री चौहान ने फ्लाय फाउंडेशन की दिव्या यादव, आदया श्रीवास्तव और देवकी पवार के साथ करंज का पौधा रोपा। फ्लाय फाउंडेशन वंचित बच्चों को शैक्षिक परामर्श देने, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण-संरक्षण को प्रोत्साहित करने से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय है। साथ ही डिजीडल माध्यम से जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन भी करती है।
उल्लेखनीय है कि हरसिंगार(पारिजात) का पौधा उत्तम औषधि है। चिकित्सा शास्त्रियों के अनुसार इसका उपयोग कई बीमारियों को ठीक करने में होता है। करंज का पौधा आयुर्वेदिक चिकित्सा में महत्वपूर्ण माना गया है। करंज के पौधे का उपयोग धार्मिक कार्यों में भी किया जाता है।