नैनीताल, 5 अप्रैल (हि.स.)। जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चैंबरों के निर्माण कार्य का मंगलवार को भूमि पूजन जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेंद्र जोशी के हाथों किया गया।
जिला बार के सचिव दीपक रुवाली ने बताया कि यहां 27 चैंबरों का निर्माण बिना किसी सरकारी सहायता के ‘अधिवक्ता स्वाभिमान भवन’ के रूप में किया जा रहा है। इसके लिए बार की मौजूदा कार्यकारिणी की पहल पर अधिवक्ता भी आपस में सहयोग कर धनराशि एवं अन्य व्यवस्थाएं जुटा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जल्द प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश अथवा प्रशासनिक न्यायाधीशों के हाथों चैंबर निर्माण का औपचारिक शिलान्यास किया जाएगा। इस मौके पर जिला बार के अध्यक्ष नीरज साह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय सुयाल, पंकज कुलौरा, प्रदीप परगाई, अशोक मौलेखी व पंकज बोरा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।