2 घण्टे लेट पहुंचीं दमकल की गाड़ियां, कई गांव के किसानों के गेहूं जलकर खाक
अजीतमल तहसील क्षेत्र के ग्राम रोशनपुर,पुर्वा अंतौल, छिदामीपूर्वा का मामला
औरैया, 19 अप्रैल (हि.स.)। तहसील अजीतमल थाना अयाना क्षेत्र के ग्राम रोशनपुर,छिदामीपुर में मंगलवार की दोपहर अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। सूचना पर जनपद के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल गाड़ियों के जवानों ने अथक परिश्रम कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई गांवों के किसान की सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
भीषण आग की सूचना पर करीब 2 घंटे बाद फायर सर्विस वाहन पहुंचे। सूचना पर डीएम चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, अन्य पुलिस विभाग व प्रशासनिक अधिकारी घटना स्थल पहुंच कर तत्काल प्रभाव से वैधानिक कार्यवाही करते हुये आग से काबू पा लिया गया। पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है।
जनपद औरैया के ग्राम रोशनपुर, ग्राम छिदामीपुर, ग्राम अंतौल थाना अयाना क्षेत्र में गेहूं के खेतों में मंगलवार को भीषण आग लग गयी। जिसकी सूचना प्राप्त होते ही फायर स्टेशन औरैया से 01 हाई प्रेशर व 2 बड़े टैंकर रवाना किये, साथ ही एनटीपीसी दिबियापुर व जनपद इटावा से अलग-अलग फायर टैंकर की मांग के साथ लगातार रुक-रुक कर पम्पिंग कर अथक प्रयासों के बाद आग को पूर्ण रूप से बुझाया गया। इससे पूर्व किसानों की कमोबेश 500 बीघा गेहूं की फसल जलकर स्वाहा हो गई।
आपको बताते चलें कि, दोपहर में आग लगते ही धुंआ के कारण अंधेरा छा गया। आग लगने की सूचना पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के अलावा अपर जिलाधिकारी रेखा चौहान, एसडीएम अजीतमल, क्षेत्राधिकारी औरैया सुरेंद्र नाथ यादव आदि मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। अधिकारियों ने आग लगने से हुई हानि का आकलन किया। इसके साथ ही किसानों को मुआवजा दिए जाने का आश्वासन भी दिया।