विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पहली बार आए कानपुर, पुष्प वर्षा कर कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

Share

कानपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। उप्र के विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद शुक्रवार को सतीश महाना पहली बार कानपुर आए तो उनके स्वागत में पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर आम जनता उमड़ पड़ी। जय श्री राम के जयघोष और फूलों की बारिश के बीच सतीश महाना का जगह जगह स्वागत किया। तेज धूप और गर्मी के बावजूद समर्थकों में उत्साह चरम पर दिखा।

विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद आज दोपहर को सतीश महाना पहली बार कानपुर पहुंचे। उनके स्वागत को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता और आम जनता उत्सुक नजर आयी। जैसे ही सतीश महाना जाजमउ गंगा पुल पर पहुंचे। तेज धूप और गर्मी में खड़े समर्थक उत्साहित हो उठे। विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कानपुर आए सतीश महान। भव्य स्वागत के लिए कानपुर की जनता को धन्यवाद दिया।

फूलों की बारिश के बीच जय श्री राम के जयघोष के साथ ही उनका स्वागत किया गया। खुली जीप में सवार होकर निकले महाना के साथ महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी अरूण पाठक भी गंगा पुल से सवार हो लिए। पूरे रास्ते महाना पर फूलों की बारिश होती रही। समर्थकों के इस उत्साह से विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी प्रफुल्लित दिखे। वहीं, सतीश महाना की कोर टीम के सदस्य भी जुलूस के साथ पैदल चलते रहे।

बुलडोजर भेंट कर किया स्वागत सतीश महाना के स्वागत में बाबा का बुलडोजर भी दिखाई दिया। स्वागत के दौरान एक स्थान पर समर्थकों ने हाथों में खिलौने वाले बुलडोजर लेकर सतीश महाना का स्वागत किया।

बता दें कि, चुनाव प्रचार के दौरान बाबा के बुलडोजर को लेकर जमकर चर्चाएं हुई। इसके बाद से ही बुलडोजर लगातार सुर्खियों में छाया हुआ है।