मीरजापुर: दिसम्बर 2023 तक देश-दुनिया के सामने होगा विंध्य काॅरिडोर

Share

– अद्भुत, अलौकिक व अविश्वसनीय विंध्य काॅरिडोर के लिए डेढ़ साल करना होगा इंतजार

– होली बाद रफ्तार पकड़ेगा निर्माण प्रगति, जल्द आकार लेगा परिक्रमा पथ

मीरजापुर, 09 मार्च (हि.स.)। अद्भुत, अलौकिक व अविश्वसनीय विंध्य काॅरिडोर दिसम्बर 2023 तक देश-दुनिया के सामने होगा। काशी विश्वनाथ काॅरिडोर की तर्ज पर 331 करोड़ की लागत से बनने वाले विंध्य काॅरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। होली बाद निर्माण प्रगति रफ्तार पकड़ेगा। अगर निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ा तो जल्द ही परिक्रमा पथ आकार लेने लगेगा।

विंध्य कारिडोर के अंतर्गत परिक्रमा पथ के साथ न्यू वीआईपी, पुरानी वीआईपी, थाना कोतवाली गली व पक्का घाट मार्ग का भी चौड़ीकरण किया जाना है। इसके लिए सारी प्रक्रियाएं लगभग पूर्ण हो चुकी है। निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। नवम्बर 2019 में कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद शासन की ओर से अक्टूबर 2021 विंध्य काॅरिडोर निर्माण की समय सीमा निर्धारित की गई थी। इसी बीच कोरोना संक्रमण आ गया। हालांकि कोरोना काल में भी विंध्य कारिडोर का काम चलता रहा। इसी बीच भूमि रजिस्ट्री की सारी प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई और ध्वस्तीकरण भी कर लिया गया। अब पहले जैसा कुछ भी नहीं रह गया है। सब बदल चुका है। एक अगस्त 2021 को गृह मंत्री अमित शाह ने विंध्य काॅरिडोर का शिलान्यास कर 128 करोड़ रुपये की मंजूरी भी दी थी।

इसके बाद लगा कि अब जल्द ही विंध्य काॅरिडोर सबके सामने होगा, लेकिन शारदीय नवरात्र की वजह से श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर काम रोक दिया गया। एक दिसम्बर 2021 से निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। अभी नाली, सीवर, बिजली, पानी, सड़क पर कार्य चल रहा है। कारिडोर निर्माण में कोई कमी न रह जाए, इसलिए काफी गहनता व सजगता के साथ कार्य चल रहा है।

विंध्य कारिडोर निर्माण के लिए नामित राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर राजीव सिंह ने बताया कि अद्भुत, अलौकिक व अविश्वसनीय विंध्य कारिडोर के लिए अभी डेढ़ साल इंतजार करना होगा। दिसम्बर 2023 तक विंध्य काॅरिडोर देश-दुनिया के सामने होगा। इसके लिए कार्य प्रगति पर है।प्रोजेक्ट मैनेजर, विंध्य कारिडोर राजीव सिंह ने बताया कि दिसम्बर 2023 तक काॅरिडोर निर्माण का टेंडर है, अभी इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा हो रहा है। इसके बाद पत्थर का काम होगा। परिक्रमा पथ दो मंजिला का है। अभी कुछ जमीनें भी नहीं मिली हैं। चुनाव आचार संहिता की वजह से काम ठीक से नहीं हो पा रहा था। अब चुनाव समाप्त हो गया है। होली बाद काम फिर तेजी पकड़ेगा।