देहरादून, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तराखण्ड पुलिस ने सेना और अर्द्धसैनिक बल के जवानों के परिजनों की शिकायतों के निराकरण के लिए रक्षा बल सहायता डेस्क की शुरूआत की है। समस्त जनपदों में इस तरह के कार्यों के लिए हेल्पडेस्क का गठन किया जा रहा है। मुख्यालय स्तर से निगरानी के साथ जनपद प्रभारी मासिक रूप से इसकी समीक्षा भी करेंगे। इस हेल्पडेस्क पर जवानों और उनके परिजनों द्वारा थाना, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, डायल 112 सहित विभिन्न स्तरों पर की गई शिकायातों और उन पर की गई कार्यवाही का विवरण रखा जाएगा।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने बताया कि भारतीय सेना और अर्द्धसैनिक बलों में उत्तराखण्ड के बड़ी संख्या में जवान तैनात हैं। प्रदेश के यह जवान अपने परिवार से दूर सीमाओं,दूरस्थ क्षेत्रों पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। इसके दृष्टिगत सेना व अर्द्धसैनिक बलों में कार्यरत जवानों व उनके परिजनों की मदद के लिए एवं उनकी सम्पत्तियों की सुरक्षा से संबंधित प्रकरणों में सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर वैधानिक कार्यवाही किए जाने के लिए समस्त जनपदों में रक्षा बल सहायता डेस्क स्थापित किए जा रहे हैं। रक्षा बल सहायता डेस्क में जवानों एवं उनके परिजनों द्वारा की गई शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्ति कराया जाएगा। जिसका मुख्यालय स्तर से भी पर्यवेक्षण किया जाएगा।