मेरठ, 10 मार्च (हि.स.)। मेरठ दक्षिण सीट से भारतीय जनता पार्टी के डॉ सोमेंद्र तोमर ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। जबकि किठौर सीट से सपा प्रत्याशी शाहिद मंजूर ने भाजपा के सत्यवीर त्यागी को कांटे के मुकाबले में 2338 वोटों से हरा दिया।
मेरठ दक्षिण सीट 2012 के परिसीमन में अस्तित्व में आई थी। 2012 के चुनाव में भाजपा के रविंद्र भड़ाना ने चुनाव जीता था। 2017 में भाजपा के डॉ सोमेंद्र तोमर ने विजय हासिल की। 2022 में भी भाजपा ने सोमेंद्र तोमर को चुनाव मैदान में उतारा। गुरुवार रात्रि को जारी चुनाव परिणाम में सोमेंद्र तोमर ने सपा प्रत्याशी आदिल चौधरी को 017 हजार 653 वोटों से हरा दिया। सोमेंद्र तोमर को 01 लाख 29 हजार 21 वोट हासिल हुए। जबकि सपा प्रत्याशी को 01 लाख 21 हजार 368 वोट मिले।
किठौर सीट पर सपा के शाहिद मंजूर ने भाजपा प्रत्याशी सत्यवीर त्यागी को 2338 वोटों से हराकर चौथी बार जीत दर्ज की। इससे पहले सपा प्रत्याशी ने 2002, 2007 और 2012 के चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाई थी। 2017 में भाजपा के सत्यवीर त्यागी ने शाहिद मंजूर को हराया था। गुरुवार को मतगणना शुरू होते ही सपा और भाजपा प्रत्याशियों के बीच कांटें का मुकाबला चलता रहा। आखिर में सपा प्रत्याशी को जीत मिली। शाहिद मंजूर को 01 लाख 06 हजार 791 वोट मिले तो सत्यवीर त्यागी को 01 लाख 04 हजार 403 वोट हासिल हुए।