आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग को बाध्य करेगा उक्रांद: ऐरी

Share

नैनीताल, 28 मार्च (हि.स.)। बीते विधानसभा चुनाव में हार से आहत उत्तराखंड क्रांति दल चुनाव आयोग पर चुनाव के दौरान आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए दबाव बनाएगा। पार्टी का मानना है कि इस कारण भी चुनाव परिणाम काफी हद तक प्रभावित हुए। मतदाता तात्कालिक तौर पर भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में लामबंद हो गए।

सोमवार को नैनीताल क्लब में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच हार की समीक्षा बैठक के बाद पार्टी के अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने यह बात कही। बताया कि पार्टी अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में पुनः हार की समीक्षा के लिए बैठक करेगी। साथ ही आगे जिला स्तर पर जिलाध्यक्षाें और पार्टी प्रत्याशियों की मौजूदगी में भी समीक्षा बैठकें की जाएंगी। बताया कि बैठक में इसके अलावा पार्टी व प्रत्याशियों के खिलाफ बयानबाजी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय भी लिया गया है।

इस दौरान ऐरी और उनके साथ मौजूद पूर्व अध्यक्ष डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, द्वाराहाट के पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने चुनाव में हार के लिए पार्टी के कमजोर संगठन को भी कारण माना। उन्होंने कहा कि पार्टी भले चुनाव में बेहद खराब प्रदर्शन से लगातार तीन फीसद यानी तीन से कम विधायक और 8 फीसद से कम वोट लाने के कारण क्षेत्रीय राजनीतिक दल का दर्जा खो चुकी है। अभी भी पंजीकृत दल के रूप में उसके पास प्राथमिकता से कुर्सी चुनाव चिन्ह लेने का अधिकार है। दोहराया कि पार्टी लगातार राजधानी, परिसीमन, भूकानून और मूल निवास के मुद्दों पर जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी। इस मौके पर पार्टी के दिल्ली इकाई के अध्यक्ष बीडी जोशी, नगर अध्यक्ष मनोज साह, केशव कांडपाल, मदन बगडवाल, देवेंद्र फर्त्याल, तेजपाल रावत व कैलाश थपलियाल आदि पार्टीजन मौजूद रहे।