मुरैना: पुलिस ने चार दिन में अंधे कत्ल का किया खुलासा

Share

– मृतक की पत्नी व उसका प्रेमी तथा साला हुआ गिरफ्तार

मुरैना, 28 मार्च (हि.स.)। बहन को निरंतर प्रताडऩा देने वाले जीजा की साले ने हत्या कर दी। इस घटना को छुपाने के लिये साले ने अपनी बहन व उसके प्रेमी के साथ मिलकर शव को शहर में फेंक दिया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश चार दिन में ही कर दिया। थाना स्टेशन रोड़ पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

मुरैना शहर के नंदेपुरा रोड़ पर 5 दिन पूर्व एक अधेड़ का शव मिला था। जिसकी पहचान उसके पुत्र गौरव ने कमलेश कुशवाह उम्र 50 साल के रूप में की। इस घटना के सूत्र न मिल पाने के कारण पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी व परिजनों पर निगरानी की। नंदेपुरा रोड़ के एक सीसीटीवी में कम्बल में लिपटी हुई लाश को ई-रिक्शे में ले जाते हुये रिकार्डिंग मिल गई। इसी के आधार पर स्टेशन रोड़ थाना प्रभारी जितेन्द्र नगाईच एवं पुलिस की जिला वैज्ञानिक अधिकारी अर्पिता सक्सैना ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया और हत्या का राज खुल गया।

यह बताया जा रहा है कि मृतक कमलेश की पत्नी के अवैध संबंध किसी युवक से थे इसी कारण कमलेश अपनी पत्नी को प्रताडि़त करता था। यह घटनाक्रम उसके साले के सामने भी कई बार हुआ। इससे कुपित साला अपने जीजा से रंजिश मानने लगा। घटना से पूर्व रात में साले ने अपने जीजा कमलेश को जमकर शराब पिलाई जब वह बेसुध हो गया तब साले ने जीजा की छाती पर बैठकर गला दबा दिया। जिससे कमलेश की मृत्यु हो गई। साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने अपनी बहन तथा उसके प्रेमी को शव को ठिकाने लगाने में शामिल कर लिया।