अनूपपुर: कलेक्टर ने जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर किया निराकरण

Share

ग्राम मेड़ियारास में आंगनबाड़ी केन्द्र व पंचायत के विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

अनूपपुर, 24 मार्च (हि.स.)। कलेक्टर सोनिया मीना एवं विभागीय अधिकारियों ने गुरुवार को ग्राम पंचायत मेड़ियारास के लाख भवन परिसर पर जन चौपाल लगा ग्राम पंचायत मेड़ियारास, चचाई वीरान तथा आसपास के गांवों के ग्रामीण की समस्याओं एवं मांगों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मेड़ियारास के शासकीय समिति की प्रधान राधा कोल एवं सदस्य अरविन्द मिश्रा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री जीतेन्द्र मिश्रा, तहसीलदार भागीरथी लहरे, नायब तहसीलदार दीपक तिवारी सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, ग्रामीण विकास तथा महिला बाल विकास, राजस्व विभाग का ग्राम स्तरीय अमला उपस्थित रहा।

जन चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामवासियों से विकास कार्यों तथा अपेक्षाओं के संबंध में चर्चा कर उनके बताए अनुसार समस्याओं, सुझाव व मांग के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी अमले को अपने क्षेत्र अंतर्गत अच्छा काम करना चाहिए, जिससे शासन-प्रशासन की छवि के साथ-साथ शासकीय सेवकों की व्यक्तिगत छवि भी जनमानस में सकारात्मक होगी। जन चौपाल में ग्राम पंचायत मेड़ियारास के सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा राजस्व विभाग से संबंधित जानकारी का सामूहिक प्रस्तुतीकरण कराया, जिससे आम जनों को भी क्षेत्रीय विकास के कार्यों के साथ-साथ शासकीय योजनाओं की जानकारी हो सके। जन चौपाल में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के छूटे पात्र परिवारों को आवास,पोर्टल खुलने पर नाम जुड़वाने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव को दिए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को ग्रामवासियों की मांग पर विद्युत देयकों में अधिक राशि का परीक्षण तथा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के लिए परीक्षण कराकर कार्यवाही के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने मौके पर ग्राम पंचायत के सचिव व ग्राम रोजगार सहायक को प्रत्येक मंगलवार को निर्धारित समय अनुसार ग्राम पंचायत भवन में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। सचिव एवं प्रधान को आवश्यचकता के अनुसार उपलब्ध मद से जहां पहले जरूरी हो वहां प्राथमिकता के आधार पर नाली निर्माण, ग्रामीणों के द्वारा खेल मैदान में स्टेडियम निर्माण की मांग किए जाने पर मौके पर जनपद पंचायत के सीईओ द्वारा बताया गया कि एक करोड़ 20 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार कर भोपाल भेजा गया है। नल-जल कनेक्श्न तथा पेयजल की समस्या के निदान हेतु आवश्यिक कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश पर कार्यपालन यंत्री ने तत्काल ही टीम भेजकर कार्य प्रारम्भ कराया। ग्राम पंचायत मेड़ियारास के प्रशासकीय समिति के अरविन्द मिश्रा द्वारा ग्राम विकास से संबंधित मांग पत्र कलेक्टर को सौंपा।

निर्माण कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

कलेक्टणर ने ग्राम स्तरीय अमले से ग्राम में चल रहे कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा मौका मुआयना करने स्थल पर पहुंचकर ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित कराए जा रहे सेग्रीगेशन शेड निर्माण कार्य का अवलोकन किया। साथ ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके उसका ग्राम पंचायत स्तर पर ही समुचित निपटान की बात कहीं। ग्रामवासियों से स्वच्छता के प्रति गांव में योगदान देने की अपील की। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल उपलब्धता के लिए बनाए जा रहे टैंकर का निरीक्षण किया तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ कार्य कर ग्रामीणों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत मेड़ियारास के आंगनबाड़ी का निरीक्षण करते हुए आंगनबाड़ी में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर कहा कि जन समुदाय का सहयोग लेकर आंगनबाड़ी केन्द्र में अति गंभीर कुपोषित और मध्यम कुपोषित बच्चों का विशेष ध्यान देकर उन्हें सुपोषित करने के सार्थक प्रयास किए जाएं। उन्होंने मौके पर गर्भवती धात्री तथा कुपोषित बच्चों की जानकारी लेते हुए उनको उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।