— सहायता के लिए बीती 26 फरवरी से स्थापित कंट्रोल रूम में सुनी जा रही 24 घंटे समस्याएं
— यूक्रेन में फंसे बच्चों के परिजनों को 210 कॉल की गई, अब तक 17 लोगों की कॉल आयी
कानपुर, 04 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि जनपद कानपुर नगर के यूक्रेन में फंसे बच्चों की सहायता के लिए बीती 26 फरवरी से कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम की स्थापना कर मदद पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। जिसका नम्बर 0512-2985500 एवं 0512-2985501 एवं मो0 नम्बर 9889233358 है। कन्ट्रोल में 17 लोगों द्वारा अपने बच्चों की जानकारी के लिए कॉल की गई है।
बताया कि, कंट्रोल रूम से 26 फरवरी से 04 मार्च तक 210 कॉल यूक्रेन में फंसे बच्चों के परिजनों से कॉल कर उनकी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि जनपद कानपुर नगर के 63 बच्चे जो यूक्रेन में फंसे थे, उनमें से अब तक 28 बच्चे सकुशल अपने घर वापस पहुंच गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा लगातार शेष रह गए बच्चों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है, जिसके लिए मजिस्ट्रेट भी उनके घर जाकर परिजनों से संपर्क कर रहे हैं। शेष बच्चों को सकुशल वापस लाने के लिए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा कार्यवाही की जा रही है। जल्द ही सभी बच्चे सकुशल वापस अपने घर आ जाएंगे।