-केडी सिंह बाबू मेमोरियल सोसाइटी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि रहे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 27 मार्च (हि.स.)। केडी सिंह बाबू मेमोरियल सोसाइटी द्वारा आयोजित ऑल इंडिया केडी सिंह बाबू सब जूनियर (अंडर-14) हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के साथ खिलाड़ियों की हौसला आफजाई भी की।
पहले दिन चार मैच खेले गये। पहले मैच में एचएआर हॉकी एकेडमी हरियाणा ने साउर्थन हॉकी तमिलनाडु को आठ-एक से मात दी। वहीं रायल एकेडमी पंजाब ने आंध्र प्रदेश की टीम को 10-0 से हराया। तीसरे मैच में यूपी ग्रेट ने असम की टीम को 10-0 से मात दी। चौथे मैच में हरियाणा की टीम ने यूपी को दो-शून्य से हराया।
एचएआर हाकी एकेडमी हरियाणा की टीम शुरू से ही साउथर्न हाकी पर हावी रही। 10वें मिनट में ही पहला गोल दागकर हरियाणा की टीम बढ़त बना ली। इसके बाद 14वें, 18वें, 37वें मिनट में लगातार गोल दागे। 38वें मिनट में साउथर्न की टीम ने एक गोल किये लेकिन उसके बाद कोई गोल नहीं कर सकी। 52वें, 56वें व 58वें मिनट में भी हरियाणा की टीम ने गोल दागकर मैच को आठ-एक से जीत लिया। वहीं रायल एकेडमी पंजाब व राजू स्कूल हाकी आंध्रप्रदेश के बीच हुए मैच में रायल की टीम ने चौथे मिनट में ही पहला गोल दागकर बढ़त बना ली और लगातार 10 गोल दागे। वहीं राजू स्कूल की टीम एक गोल भी नहीं कर सकी।
यूपी ग्रेस और आसाम के बीच हुआ मैच भी यूपी की तरफ एकतरफा रहा। तीसरे मिनट में ही यूपी के बाल खिलाड़ियों ने पहला गोल दाग दिया। इसके बाद बनी बढ़त पर आसाम की टीम कंट्रोल नहीं कर सकी और यूपी के खिलाड़ी लगातार बढ़त बनाते गये। अंत में 10-0 से मैच को जीत लिया।
उत्तर प्रदेश और हाकी हरियाणा के बीच हुए रोमांचक मैच में हरियाणा की टीम ने 20वें मिनट में एक गोल दागे। यूपी की टीम कई बार गोल गोल दागते-दागते रह गयी लेकिन हरियाणा की टीम ने 29वें मिनट में पुन: एक गोल दागकर बढ़त बना ली और मैच को दो-शून्य से जीत लिया।