हरिद्वार, 25 मार्च (हि.स.)। लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा की अध्यक्षता में एसोसिएशन की सभी क्षेत्रीय इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को मुख्य कार्यालय कंधारी धर्मशाला में बैठक आयोजित की गई। बैठक में तय किया गया कि नगर निगम क्षेत्र के उत्तरी हरिद्वार के पूर्व के प्रस्तावित तीन वेंडिंग जोन के साथ बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, हरकी पौड़ी, पुल जटवाड़ा, सेक्टर टू बैरियल, कनखल बंगाली मोड़, न्यू मंडी सीतापुर सभी वेंडिंग जोन में स्थापन की कार्रवाई को लेकर 28 मार्च को सभी लघु व्यापारी प्रतिनिधि साथियों के साथ मुख्य नगर आयुक्त को संबोधित अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत कर 05 सूत्री मांगों को दोहराएंगे।
लघु व्यापार एसो. के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि बस अड्डा और रेलवे स्टेशन के आसपास के फुटपाथ के कारोबारी, लघु व्यापारियों को उनके कारोबारी स्थानों से वंचित किया जा रहा है, जो कि राज्य फेरी नीति नियमावली का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि हरकी पौड़ी, उत्तरी हरिद्वार भूपतवाला, खड़खड़ी, भीमगोडा, सप्त ऋषि इत्यादि क्षेत्रों के चयनित वेंडिंग जोन में स्थापन की कार्रवाई का विलंब किया जाना न्याय संगत नहीं है। उन्होंने कहा कि पुल जटवाड़ा के सभी लघु व्यापारियों का सर्वे किया जा चुका है, लेकिन स्थानीय लघु व्यापारियों को उचित स्थान नहीं मिलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संजय चोपड़ा ने कहा कि 05 सूत्री मांगों को लेकर 28 मार्च को सामूहिक रूप से सभी लघु व्यापारी अपनी न्यायसंगत मांगों के समर्थन में प्रतिवेदन प्रस्तुत कर उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के संरक्षण की मांग को दोहराएंगे।