मप्रः सीएम शिवराज ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सखलेचा को जयंती पर किया नमन

Share

भोपाल, 04 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरेंद्र कुमार सखलेचा की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने शुक्रवार को भोपाल स्थित अपने निवास कार्यालय स्थित सभागार में स्व. सखलेचा के चित्र पर माल्यार्पण किया।

मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट के माध्यम इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि -“मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरेंद्र कुमार सखलेचा जी की जयंती पर श्रद्धा से नमन करता हूं। गांवों के विकास और देश एवं प्रदेश की सेवा में आपके योगदान के लिए सदैव याद किया जायेगा।”

उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरेन्द्र कुमार सखलेचा का जन्म 4 मार्च 1930 को मंदसौर की जावद तहसील में हुआ। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण की। वर्ष 1957 में सखलेचा चुनाव जीतकर विधायक बने और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाए गए। वे वर्ष 1967 में गोविंद नारायण सिंह की सरकार में उप मुख्यमंत्री भी रहे। सखलेचा 18 जनवरी 1978 से 19 जनवरी 1980 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सचिवालय खुलवाकर पटवारी, ग्राम सेवक, सहकारी संस्था के समिति सेवक और पंचायत सचिव को एक साथ बैठाकर ग्रामीणों की समस्याएँ कम की। उनका निधन 31 मई, 1999 को हुआ।