कम उम्र में बालिकाओं के विवाह से सर्वाइकल कैंसर, अधेड़ उम्र में स्तन कैंसर की सम्भावना अधिक : डॉ राधारानी

Share

–एएमए में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हुई संगोष्ठी

प्रयागराज, 06 मार्च (हि.स.)। इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के कनवेन्शन सेन्टर में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी की गई। कमला नेहरू अस्पताल की वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. राधारानी घोष ने महिलाओं में कैंसर की समस्या पर बताया कि कम उम्र में बालिकाओं का विवाह होने पर सरवाइकल कैंसर और अधेड़ उम्र में प्रजनन के पश्चात स्तन कैंसर की सम्भावना अधिक होती है।

इस अवसर पर एएमए की महिला विंग सदस्यों उनकी पुत्रियों द्वारा बनायी गयी कलाकृतियों की एक प्रदर्शनी भी लगायी गयी। संगोष्ठी में चार वैज्ञानिक व्याख्यान तदोपरान्त सास्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। डॉ राधारानी घोष ने आगे कहा कि बढ़ते पश्चिमी सभ्यता के कारण महिलाएं स्तनपान न कराने की वजह से भी स्तन कैंसर का प्रतिशत लगातार बढ़ता जा रहा है। समय रहते जांच कराने से इसके गम्भीर परिणामों से बचा जा सकता है। मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रो.डॉ. राज बवेजा तथा विशिष्ट अतिथि प्रो.डॉ. कृष्णा मुखर्जी रहीं।

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, मेडिसिन विभाग की प्रो. अनुभा श्रीवास्तव ने अनीमिया (खून की कमी) की वजह से महिलाओं में अत्याधिक कमजोरी व थकान का महसूस होना तथा सांस फूलना मुख्य लक्षण बताया। इसके उपचार के लिए समय पर आयरन की गोलियां तथा पौष्टिक आहार लेने का सुझाव दिया।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पुरातत्व विभाग की प्रो. अनामिका राय ने महिला सशक्तिकरण पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत करते हुए पुराणों में भी सीता के साहस का वर्णन किया और उस युग में भी कैसे सीता माता ने बनवास व्यतीत करते हुए लव और कुश को जन्म दिया। एसजी पीजीआई लखनऊ बाल रोग विभाग की प्रो.डॉ. पियाली भट्टाचार्या ने आज के युग में विज्ञान के क्षेत्र में भी हर क्षेत्र की भांति महिलाओं के योगदान का उल्लेख किया। कहा कि पहले के जमाने में महिलाओं का घर से निकलना तक प्रतिबन्धित था, शिक्षा तो दूर की बात थी।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के साथ एएमए अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह, यूपी आईएमए के उपाध्यक्ष डॉ. आरकेएस चौहान, सचिव डॉ. आशुतोष गुप्ता, महिला विंग की चेयरपर्सन डॉ. अमिता त्रिपाठी, सचिव डॉ. पारूल माथुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सभी वक्ताओं एवं चेयरपर्सन को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के पश्चात एएमए की म्यूजिकल गू्रप स्पंदन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम में नाटक, गायन तथा नृत्य से समापन हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन सास्कृतिक सचिव डॉ. विनीता मिश्रा ने किया। इस अवसर पर डॉ. अनुभा श्रीवास्तव द्वारा एक पत्रिका प्रेषित की। जिसमें महिला डाक्टरों द्वारा लिखे व्याख्यान तथा किये गये उत्कृष्ट कार्यों को छापा गया है। जिसका विमोचन पद्मश्री प्रो. डॉ. राज बवेजा द्वारा किया गया। अन्त में सचिव डॉ. आशुतोष गुप्ता ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापन किया।