फतेहपुर, 26 मार्च (हि.स.)। जिले में शनिवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विशम्भर प्रसाद निषाद ने विधानसभा व विधान परिषद चुनाव के सम्बन्ध में कार्यकर्ताओं संग बैठक कर भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार अपने पॉवर का गलत इस्तेमाल करके लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव में बैलेट पेपरों में होने वाले मतदान में समाजवादी पार्टी 304 सीटें जीतने के आंकड़े आ रहे थे, लेकिन ईवीएम से छेड़छाड़ करके प्रदेश में भाजपा ने अपनी सरकार बनायी है।
उन्होने चुनाव आयोग के ऊपर भी गम्भीर आरोप लगाते हुए बताया कि भाजपा सरकार के बाहुबलियों के इशारे पर चुनाव आयोग काम कर रहा था वहीं उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से वार्ता करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान सही ढंग से काम न करने का कारण है कि आज प्रदेश समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनी।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जनता से सीधा संवाद करके समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर काम करेंगे। बताया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जनता से सीधा से संवाद करेंगे वहीं उन्होने होने वाले एमएलसी के चुनाव में कार्यकर्ताओं जमकर मेहनत करने की बात कही।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष बिपिन यादव, डी.जी.कुशवाहा, रमेश पासवान, समर बहादुर यादव, अन्ना पासी, बिनोद पासवान, राजकरन कुशवाहा, रामफल, कपिल यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।