जनता के लिए संघर्ष करते मजबूत हो रहा रालोद : जयंत सिंह

Share

मेरठ, 29 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंह ने कहा कि जनता के लिए संघर्ष करते हुए रालोद मजबूत हो रहा है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में देश में बढ़ रहे आर्थिक संकट पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी कानून लागू करने की मांग उठाई गई।

रालोद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठन मजबूती पर चर्चा हुई। कार्यकारिणी ने देश में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी, सरकारी भर्तियों में अनियमितता पर चिंता जताई गई। जयंत सिंह ने संगठन में महिलाओं, युवाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने बैठक में हाल ही में हुई उप्र विधानमंडल दल की बैठक की जानकारी दी। उप्र विधानसभा चुनाव के परिणामों के अध्ययन एवं संगठन को सुव्यवस्थित करने के लिए समीक्षा समिति का गठन किया गया। यह समिति 15 अप्रैल तक उप्र के जिलों में जाकर अपना प्रतिवेदन सौपेंगी। संगठन सुधार के लिए अध्यक्ष ने कार्यकारिणी के तीन सदस्यों की समिति गठित करने का प्रस्ताव दिया। इसमें बाबा हरदेव, केपी चौधरी और प्रवीण सिंह को नामित किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी निकाय चुनाव और राजस्थान विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ने पर जोर दिया। अगली कार्यकारिणी बैठक 24 अप्रैल को होगी। बैठक में त्रिलोक त्यागी, मुकेश जैन, डॉ. कुलदीप उज्ज्वल आदि उपस्थित रहे।