चित्रकूट,06 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बरसठी थाना के बडेरी गांव निवासी अशोक कुमार दुबे ने देश के राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री एवं यूपी के मुख्यमंत्री समेत पुलिस और आला प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
कुकर्म पीड़ित नाबालिक पुत्र के पिता ने इस सम्बंध में उक्त सभी को पत्र भेजकर मामले में जगदगुरू रामभद्राचार्य महाराज के उत्तराधिकारी व आरोपी जय मिश्र पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जगदगुरू के प्रभाव का इस्तेमाल कर आरोपी पाक्सो एक्ट की कार्रवाई से बच रहा है। उन्होंने यूपी-एमपी के आला अधिकारियों से न्याय दिलाने की मांग की है।
गौरतलब है कि, जौनपुर जिले के बरसठी थाना के बडेरी गांव के अशोक कुमार दुबे ने रविवार को देश के राष्ट्रपति समेत यूपी-एमपी के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा कि जगदगुरू रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी आचार्य रामचन्द्र दास उर्फ जय मिश्रा के खिलाफ अपराध संख्या 67/2022 धारा 377, 323, 504, 506, 406ओ एवं 6 पाक्सो एक्ट के तहत 27 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोपी आचार्य रामचन्द्र दास की तत्काल गिरफ्तारी की जाये। पाक्सो एक्ट में लिप्त होने के बाद भी जगद्गुरु रामभद्राचार्य के पास रहकर पुलिस से वह अपना बचाव कर रहा है। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके रिवाल्वर का लाइसेंस भी तत्काल निरस्त कर कानूनी कार्यवाही की जाये। आरोपी आचार्य रामचन्द्र दास ने अपने जैविक पिता सुशील मिश्रा के नाम का प्रयोग कर श्री रामानन्दचार्य मिशन के नाम से एक ट्रस्ट बनाकर कूटरचित कार्य किया है। उसकी चल-अचल सम्पत्तियों की जांच की जाये।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग किया है कि आरोपित आचार्य रामचन्द्र दास की तत्काल गिरफ्तारी और उसके पुत्र का मेडिकल परीक्षण कराकर 164 के बयान तत्काल दर्ज कराये जाने की मांग की है।