– अकादमी के तीन खिलाड़ी एशियन गेम्स कैम्प के लिए भारतीय टीम में चयनित
भोपाल, 16 मार्च (हि.स.)। पंजाब के अमृतसर में 13 से 16 मार्च, 2022 तक आयोजित सीनियर राष्ट्रीय फेंसिंग चैम्पियनशिप में मप्र राज्य फेंसिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने तीन कांस्य पदक अर्जित कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
खेल विभाग द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार, सीनियर राष्ट्रीय फेंसिंग चैम्पियनशिप में अकादमी की तीन खिलाड़ी बेटियों खुशी दाभाड़े ने ईपी तथा अरूणिमा श्रीवास्तव और मारिया ने फोईल इवेन्ट में एक-एक कांस्य पदक अर्जित किए।
इस चैम्पियनशिप के आधार पर एशियन गेम्स की तैयारियों के लिए अप्रैल माह में आयोजित होने वाले भारतीय कैम्प में अकादमी के खिलाड़ी अमित सिंह गुसाई, खुशी दाभाड़े तथा मारिया का चयन हुआ है। मप्र राज्य फेंसिंग अकादमी के खिलाड़ी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक भूपेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में फेंसिंग खेल की बारिकियां सीख रहे हैं।