नैनीताल, 04 मार्च (हि.स.)। नैनीताल नगर के मल्लीताल गोपाला सदन क्षेत्र में एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया गया है। शव के पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस के खोखे भी पड़े मिले हैं। मृतक राजस्थान का निवासी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला एक विवाहित महिला से सोशल मीडिया पर चैटिंग के माध्यम से बातचीत से बने संबंधों से जुड़ा माना जा रहा है। माना जा रहा है कि वह सोशल मीडिया पर विवाहिता से हुए एकतरफा प्रेम के वशीभूत यहां आया और बीती रात्रि प्रेम में असफल रहने अथवा अन्य कारणों से उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली होगी।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह विजिलेंस विभाग देहरादून में कार्यरत अनिल पांडे के घर के बाहर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान राजस्थान निवासी 25 वर्षीय सौरभ पांडे पुत्र रामलखन पांडे के रूप में हुई है। पुलिस इस बात की जानकारी लेने में जुटी है कि वह जिस विवाहिता के लिए यहां आया, उसकी इस मामले में क्या संलिप्तता है। साथ ही मृतक यहां क्यों व कब आया था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
मल्लीताल कोतवाली के कोतवाल प्रीतम सिंह के अनुसार घटना रात की है, लेकिन रात में गोली चलने की आवाज आसपास के लोगों ने नहीं सुनी है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को सुबह पता चली। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि मृतक एक म्यूजिक ऐप के जरिए पिछले करीब चार वर्षों से विवाहित महिला से ऑनलाइन संपर्क में था। वह राजस्थान के मुख्यमंत्री से अपनी करीबी बताता था। उसने महिला से सरकार की योजना के तहत बनने वाले सस्ते फ्लैट दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपये भी ऐंठ लिए थे। इसके बाद महिला ने उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था। नैनीताल आकर वह गुरुवार को विवाहिता से मिला भी था। पुलिस आत्महत्या के साथ अन्य कारणों से भी मामले की जांच कर रही है। महिला ने मृतक से किसी तरह के प्रेम संबंधों से इनकार किया है। हालांकि ऑनलाइन चैटिंग की बात स्वीकारी है।