कासगंज: पालिका कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

Share

कासगंज, 08 मार्च (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार की दोपहर जोरदार प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ ने तीन माह से वेतन न दिए जाने का पालिका प्रशासन पर आरोप लगाया है। साथ ही कर्मचारियों ने 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी दिया है।

मंगलवार की दोपहर नगरपालिका के स्थाई संविदा एवं ठेका कर्मचारी बड़ी संख्या में परिसर में ही एकत्रित हो गए। कर्मचारियों ने पालिका प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन भी दिया। स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष सोनू भंडारी ने बताया है कि पिछले पिछले कई माह से लगातार कुछ मांगों को लेकर पालिका प्रशासन आश्वासन दे रहा है, लेकिन उनकी मांगें पूरी नहीं की जा रही है।

उन्होंने अपनी मांगों के संबंध में बताया कि सफाई नायकों का समय समय पर स्थानांतरित किया जाए। संविदा एवं स्थाई कर्मियों का बकाया वेतन दिया जाए। ठेका कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश एवं बैकलॉग में भर्ती हुए सफाई कर्मचारियों से सफाई का कार्य कराया जाए। ठेका वाहन चालक को का वेतन में वृद्धि की जाए। सहित अन्य मांगे प्रशासन नहीं मान रहा है।

स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के प्रदेश मंत्री विजय राजपूत ने बताया है कि पिछले तीन माह से स्थाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। जिससे परिवार के पालन पोषण में काफी दिक्कतें उत्पन्न हो रही हैं। मांग किए जाने के बाद पालिका प्रबंधन महज एक माह का वेतन दे रहा है। जो होली के त्यौहार के मद्देनजर पर्याप्त नहीं है। प्रदर्शन करने वालों में सुखराम सिंह, अब्बल सिंह, अशोक मिश्रा, रोहन सिंह, अनिल कुमार, खलीक अहमद, अमर जयंत, अनिल कुमार कुशवाहा, वीरपाल, राजकुमार, सोनू, विवेक सहित अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

पालिका अध्यक्ष रजनी साहू ने बताया कि, समस्याएं संज्ञान में है। पूर्व में कर्मचारियों ने जो मांगे की थी उनमें से कुछ का निस्तारण कर दिया गया है। कुछ समस्याएं ऐसी हैं जिन्हें शासन स्तर से निस्तारित होना है। जिनके संबंध में शासन को लिखकर भेजा जा चुका है। निर्देश मिलने पर बाकी समस्याओं का भी समाधान शीघ्र होगा। वेतन की समस्या का भी निस्तारण किया जा रहा है। पालिका प्रशासन कर्मचारियों के साथ है।