– नगर आयुक्त ने कैम्प का जायजा लिया, अफसरों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजना का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
कानपुर, 14 मार्च (हि.स.)। कानपुर नगर निगम के नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जी0एन0 द्वारा सोमवार को शासन के आदेशानुसार पीएम स्वनिधि ऋण वितरण योजनान्तर्गत 45 दिवसीय (14 मार्च से 30 अप्रैल) विशेष अभियान अन्तर्गत 02 दिवसीय विशेष “मेला कैम्प” का आयोजन किया।
कैम्प में मुख्य रुप से भारतीय स्टैट बैंक 18 शाखाओं सहित, इण्डियन ओवरसीज बैंक, एच0डी0एफ0सी0 बैंक, यूको बैंक, सेन्ट्रल बैंक, बैंक आफ महाराष्ट्र,बैंक ऑफ इण्डिया, बैंक आफ बड़ौदा, कोटक महेन्द्रा बैंक, आई0डी0बी0आई0 बैंक में कुल 23 स्थानों पर कैम्प लगाया गया। जिसमें नगर निगम क्षेत्र में 19 कैम्प एवं 4 कैम्प स्थानीय निकायों में लगाया गया। कैम्प में वेण्डरों को स्वीकृत प्रथम ऋणों को शत प्रतिशत वितरित किया जाना है। प्रथम क्लोज ऋण के लाभार्थियों को द्वितीय ऋण 20,000 हजार का आवेदन कराकर स्वीकृत/वितरित किया जाना तथा डिजीटली इनएक्टीव वेण्डरों को पेटीएम के माध्यम से आन बोर्डिंग कराना, फूड वेण्डरों को जोमैटो, स्विगी ई कामर्स प्लेटफार्म पर बोर्ड कराना है।
इसी क्रम में नगर आयुक्त द्वारा आज मेगा कैम्पों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय तेज कुमार परियोजना अधिकारी डूडा भारतीय स्टेट बैंक, लाल बंगला शाखा में उपस्थित मिले। उनके द्वारा अवगत कराया गया कि सभी 23 बैंकों में कैम्प चल रहा हैं और वेण्डर आ रहे हैं। नगर आयुक्त द्वारा निर्देश दिये गये कि कैम्पों में वेन्डर्स की संख्या को और बढ़ाया जाये, कल पुनः निरीक्षण किया जायेगा।
इसके साथ ही नगर आयुक्त ने पुनः अपील की है कि जिन वेण्डरों का ऋण स्वीकृत के बाद अभी तक ऋण की धनराशि उनके खातों में नहीं आई है, ऐसे वेण्डर कैम्पों में जाकर अपने साथ आधार कार्ड की छायाप्रति, एल0ओ0आर0, बैंक पासबुक, दो फोटो पासपोर्ट साइज का एवं आनलाइन आवेदन की प्रति लेकर बैंकों में जाकर अपना ऋण प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा द्वितीय ऋण आवेदन एवं डिजीटल आन बोर्डिंग के लिए नगर निगम के समस्त जोनल कार्यालय (1 से 06) में जाकर आवेदन/आन बोर्डिंग करा सकते हैं, वेण्डरों द्वारा 200 डिजिटल लेन देन करने पर उन्हें प्रतिमाह अधिकतम लाभ उनके खाते में चला जायेगा।