आगरमालवा, 25 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में एक कलियुगी मामा द्वारा अपनी सगी नाबालिग भांजी से विवाह कर दो माह तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा की गई शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित मामा को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम परसुखेड़ी निवासी सुरेश उर्फ सूरज पुत्र शिवलाल सिसोदिया मालवीय (28) आरोपित युवक ने अपनी सगी नाबालिग भांजी से मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद वह उसे लेकर राजस्थान चला गया तथा वहां किराये से मकान लेकर रहने लगा। इस दौरान उसने कई बार भांजी के दुष्कर्म भी किया। मामले में नाबालिग के पिता ने आगरमालवा कोतवाली पुलिस थाने पर 23 मार्च को गुमशुदगी की शिकायत कर अपने साले सुरेश निवासी परसुखेड़ी पर लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने की शंका जाहिर की थी। पुलिस ने भादिव की धारा 363 में मामला दर्ज कर जांच की तथा मोबाईल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपित को राजस्थान के भवानीमंडी के समीप ग्राम पचपहाड़ में होने का पता चला। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से 24 मार्च को पचपहाड़ भवानीमंडी की इंदिरा कॉलोनी में एक मकान पर दबिश देकर पीड़िता नाबालिग भांजी को अपहर्ता के पास से बरामद किया तथा आरोपित मामा को गिरफ्तार कर लिया तथा दोनो को आगरमालवा लेकर आई। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपित मामा उसे शादी का कहकर 23 मार्च की दोपहर अपने साथ ले गया था। इसके बाद आरोपित ने भवानीमंडी के माता मंदिर में माला पहनाकर शादी की और दुष्कर्म भी किया। कोतवाली पुलिस ने 48 घंटे के अन्दर ही आरोपित को गिरफ्तार कर नाबालिग के बयान के आधार पर बलात्कार व पास्को एक्ट की धाराओं में प्रकारण दर्ज किया है।