एटा,10 मार्च (हि.स.) अपडेट। समाजवादी पार्टी के गढ़ में भारतीय जनता पार्टी की अप्रत्याशित आंधी चली। अलीगंज, सदर की रिकार्ड मतों से जीत के साथ जिला की सभी सीटों पर भाजपा ने जीत का परचम लहराया। गुरुवार को आये परिणामों ने साईकिल को कमल ने पंचर कर दिया, जबकि बसपा सभी विधानसभा सीटों पर तीसरे स्थान पर रही। भाजपा के सदर प्रत्याशी विपिन वर्मा डेविड, मारहरा वीरेन्द्र लोधी, अलीगंज से सत्यपाल सिंह राठौर, जलेसर से संजीव दिवाकर ने जीत हांसिल की है।
विधानसभा चुनाव-2022 के तहत जनपद में चारों सीटों पर शांतिपूर्ण स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, निर्विध्न मतदान प्रक्रिया सम्पन्न हुई। कृषि उत्पादन मण्डी समिति एटा पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे से चली मतगणना अपरांह में शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गई। विधानसभा की चारों सीटों 103 अलीगंज पर भाजपा प्रत्याशी सत्यपाल सिंह राठौर, 104 एटा विधानसभा पर भाजपा प्रत्याशी विपिन वर्मा डेविड, 105 मारहरा में भाजपा के प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह लोधी तथा 106 जलेसर विधान सभा के भाजपा प्रत्याशी संजीव कुमार दिवाकर की जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जगह-जगह खुशी जाहिर की गई।
जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह व भारत निर्वाचन आयोग ने नियुक्त प्रेक्षकगणों की देखरेख में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह से चली मतगणना के दौरान सर्वप्रथम प्रत्याशियों के समक्ष स्ट्रांग रूम खोले गए। प्रातः आठ बजे से विधिवत मतगणना प्रारम्भ हो गई। प्रेक्षकगण एवं आरओ, एआरओ की देख-रेख में विधानसभा क्षेत्र का अलग-अलग कक्षों में मतगणना हुई।
जिला मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर पुलिस अधीक्षक, निरंतर भ्रमण करते हुये जायजा लेते रहे। मतगणना स्थल पर मीडिया सेल की स्थापना की गई थी। जिसमें टेलीफोन, फेक्स, इंटरनेट, टीवी, आदि सुविधाएं दी गयीं।
मीडिया कक्ष में मतगणना के प्रत्येक चक्र की सूचना लाकर दी जाती रही। साथ ही पत्रकारों को मतगणना कक्ष का भी भ्रमण कराया गया। मतगणना के अंतिम नतीजों के तहत जिले की 103 अलीगंज विधानसभा की सबसे चुनौतीपूर्ण सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सत्यपाल सिंह राठौर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा से दो बार विधायक रहे रामेश्वर सिंह यादव को 4111 मतों पराजित किया है। भाजपा के सत्यपाल सिंह राठौर ने 102576 मत प्राप्त किए, जबकि सपा के रामेश्वर सिंह यादव को 98465 मत मिले। वहीं, बसपा के जुनैद मियां 17687 वोट हासिल कर सके।
इसके अलावा 106 जलेसर विधानसभा अनुसूचित जाति भाजपा के संजीव दिवाकर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के पूर्व विधायक रहे रणजीत सुमन को 4642 मतों से पराजित किया है। संजीव दिवाकर को 51050 वोट मिले हैं। सपा के रणजीत सुमन को 86408 वोट मिले, बसपा के प्रत्याशी आकाश सिंह जलेसर के 19303 ही वोट लेकर सिमट गये। वहीं, 104 विधानसभा सदर सीट के भाजपा प्रत्याशी विपिन वर्मा डेविड ने सपा के प्रत्याशी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द्र सिंह यादव को हराकर जीत हासिल की है। इधर, 105 मारहरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र लोधी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा से दो बार विधायक रहे अमित गौरव उर्फ टीटू को हराकर विजय प्राप्त की है।
जनपद में विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, भयमुक्त, निर्विध्न सम्पन्न कराने के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों अन्य सभी अधिकारियों व कर्मचारियों सुरक्षा बल, पुलिस व पीएसी बल होमगार्ड आदि के साथ समस्त प्रिंट व इलेक्ट्रोनिक मीडिया के प्रतिनिधियों मतदाताओं को डीएम ने बधाई दी।