लता मंगेशकर की अस्थियां गंगा में विसर्जित, परिजनों ने बाबा के दरबार में लगाई हाजिरी

Share

वाराणसी, 08 मार्च (हि.स.)। स्वर कोकिला और भारत रत्न लता मंगेशकर की अस्थियां मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अहिल्याबाई घाट के सामने परिजनों ने नम आंखों के बीच गंगा के मध्य धारा में विसर्जित कर दी। इससे पहले अहिल्याबाई घाट पर अस्थि कलश का पूजन तीर्थ पुरोहित श्रीकांत पाठक ने कराया।

बीते 06 फरवरी को लता मंगेशकर का मुम्बई में लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया था। बहन उषा मंगेशकर और अन्य परिजन अस्थिकलश लेकर वाराणसी आये। तारांकित होटल से सभी खिड़किया घाट से नाव द्वारा अहिल्याबाई घाट पर पहुंचे। अहिल्याबाई घाट पर अस्थियों के विसर्जन के पूर्व श्रीकांत पाठक के नेतृत्व में पूरे वैदिक परम्पराओं के अनुरूप लता मंगेशकर की अस्थियों के कलश का पूजन कर उनको रीति रिवाजों के अनुरूप गंगा में विसर्जित किया गया। अस्थियों के विसर्जन के बाद परिजनों ने काशी विश्वनाथ दरबार में हाजिरी लगाई और दर्शन पूजन के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।