केजीएमयू ने सरोजनीनगर में लगाया नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर

Share

लखनऊ, 09 मार्च (हि.स.)। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के दंत चिकित्सा संकाय द्वारा बुधवार को सरोजनीनगर के पहाड़पुर गांव में दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में केजीएमयू के चिकित्सकों ने 250 बच्चों के दांतों की स्क्रीनिंग की।

डॉ. मोनिका अग्रवाल ने बताया कि इस चिकित्सा शिविर में प्राथमिक विदयालय में उपस्थित बच्चों और वयस्कों के दांतों की जांच की गयी। इस शिविर से 250 बच्चों की जांच और स्क्रीनिंग की गई। 35 बच्चों में पायरिया देखा गया, 40 बच्चों में मसूड़े की सूजन और पीरियोडोंटाइटिस देखा गया, 20 में अतिसंवेदनशीलता की शिकायत की गई। इसके अलावा 60 बच्चों में सकल दंत क्षय के साथ पहली स्थायी दाढ़ और प्रारंभिक बचपन की क्षय और फ्लोरोसिस के दाग वाले 7 बच्चे देखे गए। वहीं एक बच्चे में सिंड्रोम भी देखा गया।

केजीएमयू की ओरल पैथालोजी की प्रोफेसर डॉ. शालिनी गुप्ता ने बताया कि इस शिविर में 50 गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गयी। जिन बच्चों और महिलाओं को इलाज की जरूरत थी, उन्हें पीएचसी सरोजिनी नगर और केजीएमयू ओपीडी रेफर कर दिया गया।